आदेशों की अवहेलना को अनदेखा कर रहा पुलिस प्रशासन

Spread the love

हल्द्वानी। पुलिस प्रशासन की अनदेखी से शहर अवैध पार्किंग का अड्डा बन गया है। इसका खामियाजा आम जनता के साथ ही मरीजों को भी उठाना पड़ रहा है। राजकीय सुशीला तिवारी चिकित्सालय की स्थाई पार्किंग वाहनों का दबाव सहन नहीं कर पा रही। लोग मुख्य सड़क मार्ग के पास वाहनों को खड़ा कर रहे हैं, जिससे रोजाना यातायात बाधित हो रहा है। 

राजकीय सुशीला तिवारी चिकित्सालय कुमाऊं का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां ऊधम सिंह नगर सहित पूरे कुमाऊं के मरीज आते हैं। सैकड़ों की संख्या में रोजाना पहुंच रहे मरीजों और तीमारदारों को अवैध पार्किंग के चलते यातायात बाधित होने से परेशानी हो  रही है। स्थित उस समय और चिंताजनक होती है जब कोई गंभीर रूप से घायल अथवा बीमार व्यक्ति को एंबुलेंस से लाया जाता है।

वहीं दूसरी ओर टेंपो और टुकटुक चालक वाहनों को गेट के आगे आना तिरछा खड़ा कर देते हैं। इससे वृद्धों और दिव्यांगों को आवाजाही में परेशानी होती है। दिलचस्प बात यह है कि अवैध रूप से खड़े वाहनों के समीप ही पुलिस प्रशासन की ओर से जुर्माने का बोर्ड भी लगाया गया है। पुलिस प्रशासन अपने ही आदेशों की अवहेलना को अनदेखा कर रहा है।