हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक ई-कॉमर्स कंपनी के गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय दोनों कर्मचारी गोदाम के भीतर सो रहे थे। आग की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों के साथ दमकल विभाग की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 बजे गोदाम से अचानक धुआं और तेज लपटें उठती दिखाई दीं। पास स्थित अन्य प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। घंटों की मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया तो अंदर से दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान गौलापार के बागजाला निवासी नरेंद्र (35 वर्ष) और पंचायतघर क्षेत्र निवासी अमित (25 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि दोनों की मौत आग की लपटों और दम घुटने के कारण हुई।
अग्निकांड में गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। परिसर में खड़ी एक स्कूटी, जो चार्जिंग पर लगी हुई थी, तथा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग बुझाने के प्रयास में जुटे कुछ स्थानीय लोग भी झुलस गए, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक और अग्निशमन विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। फिलहाल शॉर्ट सर्किट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

