कमलुवागांजा में सड़क किनारे मिला 41 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कमलुवागांजा में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी पुलिस टीम के साथ खन्ना होटल के सामने घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की गंभीर चोट या बाहरी हिंसा के निशान नहीं मिले। बाद में मृतक की पहचान 41 वर्षीय दीपक भट्ट, पुत्र उर्वादत्त भट्ट, निवासी इंदिरापुरम कॉलोनी, हरीपुर नायक के रूप में हुई।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि दीपक लंबे समय से शराब की लत से जूझ रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था। चिकित्सकों ने उसे शराब का सेवन पूरी तरह बंद करने की सलाह दी थी। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार रात घर से बाहर चला गया था, जिसके बाद शनिवार सुबह उसका शव सड़क किनारे मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।