खटीमा में निकाह के दौरान विवाद, दुल्हन के पिता की मौत के बाद मचा बवाल, बारातियों से मारपीट

Spread the love

खटीमा। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में एक शादी समारोह उस समय विवाद और मातम में बदल गया जब निकाह के दौरान मेहर की रकम और कथित दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बीच दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इसके बाद मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया।

जानकारी के अनुसार खटीमा के वार्ड नंबर-7 स्थित इस्लामनगर के एक मैरिज हॉल में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। दुल्हन खटीमा निवासी सादिक ठेकेदार की बेटी बताई जा रही है, जबकि दूल्हा पक्ष उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बड़ा फरीदपुर क्षेत्र से बारात लेकर पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि निकाह की रस्म के दौरान मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से लड़के पक्ष की ओर से लगातार नई मांगें रखी जा रही थीं। पहले स्कूटी और बाद में स्पोर्ट्स बाइक तथा नकद राशि की मांग की गई। वहीं निकाह के समय मेहर की रकम को लेकर भी दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन सकी, जिसके कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया।

विवाद के दौरान दुल्हन के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दूल्हे और कुछ बारातियों को घेर लिया तथा उनके साथ मारपीट की। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ बारातियों को जान बचाने के लिए आसपास की छतों से कूदकर निकलना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिलाओं, बच्चों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चलती रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।