पंचाचूली से लौट रहे पर्यटकों की जीप पर गिरे बोल्डर, दो की मौत; तीन घायल

Spread the love

धारचूला। पिथौरागढ़ जिले की दारमा घाटी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। पंचाचूली क्षेत्र से लौट रहे यात्रियों की जीप पर अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा गिर गया। हादसे में वाहन चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोबला-ढाकर सड़क पर पंगबावे क्षेत्र के पास हुई। जीप में कुल पांच लोग सवार थे। पहाड़ी दरकने के कारण बड़े-बड़े पत्थर सीधे वाहन पर आ गिरे, जिससे जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को मलबे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धारचूला पहुंचाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर प्रशासन, पुलिस और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके के लिए रवाना हुई। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। घायलों का उपचार जारी है, जबकि मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।