रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। पत्नी को मायके से वापस ले जाने की जिद में एक युवक ने ससुराल पहुंचकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में ससुर, साला और साली गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सिरौलीकला गांव निवासी उस्मान ने करीब चार वर्ष पहले अपनी बेटी शब्बो की शादी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले जीशान से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही जीशान अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था। कई बार दोनों परिवारों के बीच समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं आया।
लगातार विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर शब्बो करीब चार महीने पहले अपने मायके आकर रहने लगी थी। इसके बाद जीशान कई बार उसे वापस ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा, लेकिन परिवार ने बेटी की सुरक्षा को देखते हुए उसे भेजने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज जीशान सोमवार को धारदार हथियार लेकर ससुराल पहुंच गया। आरोप है कि घर में घुसते ही उसने परिवार के लोगों पर हमला शुरू कर दिया। हमले में ससुर उस्मान के हाथ की उंगलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि साले के कंधे पर गहरा वार किया गया। बीच-बचाव करने पहुंची साली भी हमले की चपेट में आ गई।
अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान शब्बो ने किसी तरह घर के भीतर छिपकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

