हरिद्वार से एक और शिक्षिका गिरफ्तार, पाकिस्तानी हवाला नेटवर्क से जुड़े लेनदेन की जांच तेज

Spread the love

हरिद्वार। पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हवाला नेटवर्क की जांच में जम्मू-कश्मीर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। हरिद्वार जिले से पूजा नामक एक शिक्षिका को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि वह पहले से गिरफ्तार की जा चुकी शिक्षिका सोनम की करीबी सहयोगी रही है और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के मामले में उसका नाम जांच के दौरान सामने आया था।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र से सोनम नामक शिक्षिका को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पूजा पर निगरानी शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे हिरासत में ले लिया।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों महिलाएं जम्मू-कश्मीर के कुछ ऐसे व्यक्तियों के संपर्क में थीं, जिनके संबंध पाकिस्तान आधारित नेटवर्क से होने की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि उनके बैंक खातों में रकम भेजी जाती थी, जिसे बाद में विभिन्न खातों में ट्रांसफर किया जाता था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क में बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि इन लेनदेन के बदले कमीशन दिया जाता था।

पूजा को ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर ले जाया गया है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। वहीं जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदिग्ध ट्रांजेक्शन की कुल राशि कितनी है और इन पैसों का इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया जाना था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।