पीपलकोटी टनल हादसा: तीसरे दिन 8वां शव बरामद, दो मजदूर अब भी लापता

Spread the love

चमोली के मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद तीसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी है। शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान एक और मजदूर का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी देवनाथ पुत्र धनसु राम बघेल के रूप में हुई है। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

हादसे के बाद कुल तीन मजदूर लापता बताए गए थे, जिनमें से एक का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया। अब दो मजदूरों की तलाश जारी है। टनल के भीतर पानी भरने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की निकासी के लिए सक्शन पंप समेत अन्य उपकरण लगाए गए हैं, ताकि टनल के अंदर पहुंचकर संभावित स्थानों पर फंसे मजदूरों की तलाश तेज की जा सके।

हादसे के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार बचाव अभियान में जुटी हैं। जैसे-जैसे टनल में पानी का स्तर कम हो रहा है, वैसे-वैसे रेस्क्यू टीमों के लिए अंदर जाना आसान होने की उम्मीद है।

इस हादसे में अब तक आठ मजदूरों की मौत हो चुकी है। मृतकों में उत्तर प्रदेश के तीन, उत्तराखंड के दो और छत्तीसगढ़ के तीन मजदूर शामिल हैं। वहीं 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 11 घायल मजदूरों का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि एक मजदूर को मामूली चोट के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

फिलहाल रेस्क्यू टीमों का पूरा ध्यान टनल के अंदर फंसे दोनों मजदूरों को खोजने और सुरक्षित बाहर निकालने पर है। पानी की निकासी के साथ ही संभावित स्थानों पर सर्च अभियान को और तेज किया जा रहा है।