धर्मनगरी हरिद्वार सोमवार को उस समय सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से दहल उठी, जब पथरी क्षेत्र के फूलगढ़ गांव स्थित एक शिव मंदिर परिसर से दो साधुओं के शव बरामद हुए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्यारों ने वारदात के बाद दोनों शवों को मंदिर परिसर में ही जमीन खोदकर दबा दिया। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में लंबे समय से साधु सेवागिरी और उत्तम गिरी निवास कर रहे थे तथा मंदिर की देखरेख भी वही करते थे। सोमवार को जब ग्रामीणों ने दोनों साधुओं को काफी देर तक नहीं देखा तो उन्हें संदेह हुआ। खोजबीन के दौरान मंदिर परिसर में एक स्थान की मिट्टी हाल ही में खोदी गई दिखाई दी। शक गहराने पर सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस की मौजूदगी में खुदाई कराई गई तो मिट्टी के नीचे से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में सामने आया कि सेवागिरी की गला दबाकर हत्या की गई, जबकि उत्तम गिरी के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। इसके बाद दोनों शवों को छिपाने के लिए जमीन में दबा दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मंदिर से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश, लूट और अन्य संभावित कारणों सहित हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड ने न केवल फूलगढ़ गांव बल्कि पूरे हरिद्वार में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।


