रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के ऐना गांव में 19 वर्षीय सागर सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे करीब दो महीने पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में गांव के ही जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथौड़े और धारदार हथियार को भी बरामद करने का दावा किया है।

मृतक सागर सिंह मूल रूप से सिंह गांव का रहने वाला था और भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वह शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए अपनी बुआ जानकी देवी के घर, ऐना गांव में रह रहा था। शुक्रवार शाम वह घर के अंदर मौजूद था, तभी आरोपी वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार पहले उसके सिर पर हथौड़े से वार किया गया और फिर धारदार हथियार से हमला किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी बुआ जानकी देवी और परिवार की बुजुर्ग महिला सबुली देवी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सबुली देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया।
मृतक की बुआ जानकी देवी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई, जिसमें गांव के ही जगत सिंह बोरा पर हत्या और जानलेवा हमले का आरोप लगाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दिए गए उनके बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की।
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब दो महीने पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी में खरोंच लगने को लेकर सागर सिंह, उसके फुफेरे भाई कृष्णा सिंह और आरोपी पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी इसी रंजिश का बदला लेने की फिराक में था और उसने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए तथा ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मजखाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


