‘कर्मभूमि’ चंपावत पर मेहरबान धामी: 124 करोड़ की 17 परियोजनाओं से विकास को नई रफ्तार

Spread the love

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत दौरे के दौरान 124 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जिले को बड़ी विकास सौगात दी। उन्होंने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि और परिवार है। यहां का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए चंपावत को मजबूत आधार देना है। उन्होंने दोहराया कि जिले को उत्तराखंड का आदर्श जिला बनाने का संकल्प हर हाल में पूरा किया जाएगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला अस्पताल में एमआरआई सेवा और क्रिटिकल केयर यूनिट जैसी सुविधाएं शुरू की गई हैं। इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। साथ ही सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य बुनियादी ढांचे को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रोडवेज परिसर में आधुनिक सिटी सेंटर का निर्माण, पर्यटन को बढ़ावा देने वाले कॉर्बेट ट्रेल, विभिन्न सड़क परियोजनाएं और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज जैसे कार्य क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति देंगे। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश यात्रा के कारण पर्यटन बढ़ रहा है और होटल व होमस्टे संचालकों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि टनकपुर में आईएसबीटी, गेस्ट हाउस, कम्युनिटी हॉल तथा अन्य विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। भविष्य में चंपावत विकास और पर्यटन का मॉडल जिला बनकर उभरेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून, भू-कानून तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जैसे फैसले राज्य के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक हैं। उनके अनुसार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है।

कार्यक्रम में कई सड़क परियोजनाओं, सिंचाई योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, सिटी सेंटर, मीडिया सेंटर, मंदिर सौंदर्यीकरण और नगर विकास से जुड़ी योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।