हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के जनरल कोच में अचेत अवस्था में मिले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेड कांस्टेबल की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह सफर के दौरान जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुए होंगे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
मृतक की पहचान 53 वर्षीय सत्यपाल सिंह के रूप में हुई है, जो हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित राजविहार कॉलोनी के निवासी थे और बीएसएफ की 20वीं बटालियन में राजस्थान के जैसलमेर में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे। परिजनों के अनुसार, उन्होंने यात्रा शुरू करने की जानकारी फोन पर दी थी।
सोमवार सुबह जैसलमेर से काठगोदाम पहुंची ट्रेन के जनरल डिब्बे में वह अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर जीआरपी ने उन्हें 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, सामान और अन्य जरूरी दस्तावेज गायब मिले हैं। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट की होगी। हालांकि, पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
घटना की सूचना बीएसएफ अधिकारियों और परिजनों को दे दी गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


