चैंपियन विवाद और केतन हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में गरमाई सियासत, हरिद्वार में रोके गए सांसद चंद्रशेखर आजाद

Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से जुड़े विवाद और टिहरी जिले के चर्चित केतन हत्याकांड को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इन दोनों मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद हरिद्वार पहुंचे।

यहां से उनका टिहरी जाने का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें हरिद्वार में ही रोक दिया। चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि वह चैंपियन विवाद में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग और केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए टिहरी जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें जबरन रोका, धक्का-मुक्की की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें केवल एहतियात के तौर पर आगे जाने से रोका गया।

चैंपियन विवाद उस समय चर्चा में आया जब पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और एक अनुसूचित जाति के युवक के बीच कथित विवाद का मामला सामने आया। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

https://www.facebook.com/reel/1416290716987925/?mibextid=9drbnH&s=yWDuG2&fs=e

दूसरी ओर चैंपियन ने इन आरोपों से इनकार करते हुए वायरल सामग्री को एआई से तैयार बताया। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस जांच कर रही है।

वहीं टिहरी के केतन हत्याकांड ने भी पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठ रही है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

इन दोनों मामलों को लेकर प्रदेश की राजनीति तेज हो गई है। विपक्ष सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि किसी भी मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है और सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।