पिथौरागढ़। गंगोलीहाट क्षेत्र के एक युवक ने प्रेम संबंध के दौरान धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, मानसिक प्रताड़ना देने और धमकाने के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर यास्मीन, साकिर अली, सज्जो बानो, परवेज और फिरोज के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बोकटा निवासी विवेक सिंह का आरोप है कि कुछ वर्ष पहले उसकी पहचान यास्मीन नाम की महिला से हुई थी। युवक के अनुसार महिला ने स्वयं को हिंदू परंपराओं में आस्था रखने वाली बताया था, जिससे दोनों के बीच निकटता बढ़ी। बाद में महिला के मुस्लिम समुदाय से होने की जानकारी मिलने पर उसने विवाह से इनकार कर दिया था।
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद यास्मीन के पिता साकिर अली, माता सज्जो बानो और अन्य परिजनों ने भरोसा दिलाया कि विवाह उसकी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार होगा और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं डाला जाएगा। युवक का आरोप है कि बाद में उसके नाम से निकाह संबंधी दस्तावेज तैयार किए गए और उसकी पहचान बदलने के प्रयास भी हुए।
विवेक सिंह ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में रहने के दौरान उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया, विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को धमकियां दी गईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसके बच्चे का खतना उसकी जानकारी और सहमति के बिना कराया गया तथा बच्चे के नाम से जुड़े दस्तावेजों में बदलाव किए गए।
युवक का आरोप है कि अप्रैल और मई 2026 के दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। बढ़ते दबाव के बीच वह अपने बच्चे को लेकर गंगोलीहाट लौट आया। इसके बाद भी फिरोज नामक व्यक्ति द्वारा उसके घर पहुंचकर धमकियां देने का आरोप लगाया गया है।
मामले में विवेक सिंह ने स्वयं, अपने बच्चे और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। गंगोलीहाट थाना पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर यास्मीन, साकिर अली, सज्जो बानो, परवेज और फिरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


