रेलवे ट्रैक पर मिला एचएम छात्र का शव, मौत पर गहराया रहस्य, दोस्तों की भूमिका पर उठे सवाल

Spread the love

हल्द्वानी। शहर के हाथीखाल क्षेत्र में एक 24 वर्षीय छात्र का शव रेलवे पटरी के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर युवक के ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटनास्थल और परिजनों द्वारा लगाए गए कुछ आरोपों ने मामले को रहस्यमय बना दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मृतक की पहचान हाथीखाल, गोरापड़ाव निवासी सौरभ सिंह बजेठा (24 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय थान सिंह बजेठा के रूप में हुई है। सौरभ स्थानीय आम्रपाली संस्थान में होटल मैनेजमेंट (एचएम) का छात्र था। रविवार देर रात उसका शव रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा मिला। शव पर कमर और चेहरे के आसपास गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में संपर्क क्रांति ट्रेन की चपेट में आने की संभावना व्यक्त की जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

दो दोस्तों पर उठ रहे सवाल

सौरभ के रिश्ते के जीजा सुनील ने बताया कि रविवार रात करीब 12:20 बजे जतिन रौतेला का फोन आया था। उसने बताया कि सौरभ रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ है और संभवतः उसका ट्रेन से हादसा हो गया है। परिजनों के अनुसार सूचना देने वाला जतिन ही सबसे पहले सौरभ की पहचान कर पाया था।

हालांकि परिवार का आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद सोमवार दोपहर तक दोनों दोस्त मोर्चरी नहीं पहुंचे। जबकि दोनों मृतक के करीबी मित्र और पड़ोसी बताए जा रहे हैं। परिजनों और सौरभ के सहपाठी लगातार उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनके मोर्चरी पहुंचने को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा था। इससे परिवार के मन में कई तरह के संदेह पैदा हो गए हैं।

मोबाइल और कड़े की बरामदगी ने बढ़ाई शंका

परिजनों के मुताबिक घटनास्थल के पास घास में सौरभ का मोबाइल फोन और हाथ में पहनने वाला कड़ा पड़ा मिला। परिवार का दावा है कि मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और कुछ जानकारियां डिलीट की गई प्रतीत हो रही हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। परिजनों ने मांग की है कि मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और कॉल रिकॉर्ड की विस्तृत पड़ताल की जाए।

सौरभ के पिता और पूर्व सैनिक थान सिंह बजेठा का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां पार्वती देवी, 97 वर्षीय दादा वीर सिंह और बहन वंदना बजेठा हैं। सौरभ की असामयिक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।