ट्रेल्स पास पर मौत को मात देकर लौटे 19 पर्वतारोही, आंखों के सामने गुजरा विशाल हिमस्खलन

Spread the love

बागेश्वर। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में एक पर्वतारोहण अभियान के दौरान 19 सदस्यीय दल उस समय बाल-बाल बच गया, जब उनके बेहद करीब से एक विशाल हिमस्खलन गुजर गया। दल के सदस्यों ने कुछ सेकेंड के भीतर सुरक्षित स्थानों की ओर हटकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, पर्वतारोहियों का दल ट्रेल्स पास क्षेत्र में अभियान पूरा कर वापसी कर रहा था। अभियान के दौरान टीम को लगातार बर्फबारी, बर्फीले तूफान, गहरी हिम दरारों और कठिन मौसम जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दल ने निर्धारित मार्ग सफलतापूर्वक पार कर लिया था।

वापसी के दौरान मौसम साफ था, लेकिन तेज धूप के कारण ऊपरी ढलानों पर जमी बर्फ नरम होने लगी थी। इसी दौरान पर्वत की ऊंची ढलानों से अचानक बर्फ का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आने लगा। कुछ ही क्षणों में क्षेत्र में बर्फ का विशाल गुबार फैल गया और हिमस्खलन तेजी से नीचे की ओर बढ़ने लगा।

https://www.facebook.com/share/r/1Ew73qeNnQ/

दल के सदस्यों को समय रहते खतरे का आभास हो गया। चेतावनी मिलते ही सभी पर्वतारोही सुरक्षित स्थानों की ओर हट गए। देखते ही देखते हिमस्खलन उनके बेहद करीब से गुजर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि निर्णय लेने में कुछ सेकेंड की भी देरी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

घटना के बाद दल ने स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया और फिर सुरक्षित रूप से आगे बढ़ा। सभी सदस्य बिना किसी चोट के अपने बेस कैंप पहुंचे और बाद में सुरक्षित वापस लौट आए। पर्वतारोहियों का कहना है कि हिमालयी क्षेत्रों में मौसम और बर्फ की स्थिति कभी भी अचानक बदल सकती है। ऐसे अभियानों में सतर्कता, टीम समन्वय और त्वरित निर्णय क्षमता ही सबसे बड़ी सुरक्षा होती है।