राजस्थान से उत्तराखंड पहुंची 600 ग्राम स्मैक की बड़ी खेप, दो सगे भाई गिरफ्तार

Spread the love

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के भरतपुर निवासी दो सगे भाइयों को 600 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

शुक्रवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन, हल्द्वानी में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजब सिंह और सीताराम के रूप में हुई है, जो राजस्थान के भरतपुर जिले के अटलबंद क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी भारी मात्रा में स्मैक लेकर काठगोदाम क्षेत्र में किसी स्थानीय डीलर को सप्लाई देने पहुंचे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 600 ग्राम स्मैक बरामद की।

एसएसपी ने बताया कि बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 1.85 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उत्तराखंड में इस खेप को कौन प्राप्त करने वाला था और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।