ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: ब्रह्मानंद मोड़ पर अनियंत्रित डंपर झोपड़ी पर गिरा, चालक समेत दो की मौत

Spread the love

ऋषिकेश। ब्रह्मानंद मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भद्रकाली तिराहे से ब्रह्मानंद मोड़ की ओर जा रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान सड़क किनारे लगे भारी कंक्रीट डिवाइडर टूटकर नीचे बनी झोपड़ी पर गिर गए, जिसकी चपेट में आने से झोपड़ी में रह रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डंपर चालक भी वाहन के नीचे दब गया और उसकी जान नहीं बच सकी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने चालक को वाहन से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर (हरिद्वार) और कौशल्या देवी निवासी बावड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।