रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव, पिता ने जताई हत्या की आशंका

Spread the love

काशीपुर। ग्राम बरखेड़ापांडे निवासी एक 18 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने गांव के ही दो युवकों पर हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बरखेड़ापांडे निवासी जितेंद्र उर्फ बबलू (18) पुत्र नरेंद्र का शव शुक्रवार सुबह बांसखेड़ा पुल के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। सुबह करीब छह बजे किसी राहगीर ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलने पर पैगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की।

मृतक के पिता नरेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के दो युवकों पर संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि बृहस्पतिवार शाम जितेंद्र को आखिरी बार उन्हीं दो युवकों के साथ देखा गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा और शुक्रवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक के पास मिला।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता के अलावा भाई-बहनों को पीछे छोड़ गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।