अल्मोड़ा। ऑनलाइन गेम फ्री फायर में डायमंड बंडल दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक महिला के बैंक खाते से 98 हजार 559 रुपये की रकम निकाल ली। मामले में पीड़ित परिवार की तहरीर पर कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में बांसभीड़ा चीनाखान निवासी दलजीत सिंह खड़ाई ने बताया कि उनकी पत्नी मंजू बनौला के मोबाइल नंबर से भारतीय स्टेट बैंक की चलनीछीना शाखा स्थित बैंक खाता लिंक है। उनका बेटा रियांश खड़ाई, जो कक्षा पांच का छात्र है, ऑनलाइन गेम फ्री फायर खेलता है।
आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को फ्री फायर गेम डाउनलोड करवाने के साथ ही डायमंड बंडल दिलाने का लालच दिया। इस दौरान ठग ने बच्चे को अपने झांसे में लेकर 7 से 8 मई 2026 के बीच महिला के बैंक खाते से विभिन्न खातों में कुल 98 हजार 559 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बैंक से लेनदेन की जानकारी मिलने पर परिवार को धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चे ऑनलाइन गेम से बन रहे निशाना
पुलिस के अनुसार साइबर ठग इन दिनों ऑनलाइन गेम खेलने वाले बच्चों को डायमंड, कॉइन, प्रीमियम बंडल और रिवॉर्ड देने का लालच देकर निशाना बना रहे हैं। अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने और बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई है।

