भवाली-सेनिटोरियम रोड पर भीषण हादसा: खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के चार समेत पांच लोगों की मौत

Spread the love

भवाली (नैनीताल)। भवाली-सेनिटोरियम रोड पर गुरुवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में खटीमा के एक ही परिवार के चार सदस्य और कार चालक शामिल हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पर पुलिस, SDRF और SSB की टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास दोपहर करीब 2:15 बजे एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन गिरने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और SSB की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खड़ी ढलान और दुर्गम क्षेत्र के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की मेहनत के बाद सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

मृतकों की पहचान

हादसे में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—

भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष)

सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष)

वासु चुफाल (19 वर्ष)

रवी चुफाल (12 वर्ष)

सभी निवासी खटीमा

अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष), पुत्र दया सागर मिश्रा, निवासी अफसर नगर, एलपीजी गोदाम क्षेत्र, आलम नगर, लखनऊ (वाहन चालक)

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तो देखा कि कार गहरी खाई में गिर चुकी थी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।

इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से खटीमा क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे प्रदेश में इस दर्दनाक दुर्घटना को लेकर संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।