व्हाइट हाउस में ट्रंप की डिनर पार्टी में फ़ायरिंग से मचा हड़कंप, हमले का आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

वॉशिंगटन डीसी में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई फ़ायरिंग की घटना में आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई, जबकि सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कार्यक्रम में मौजूद थे, जिन्हें गोली चलने की आवाज़ आते ही सीक्रेट सर्विस के जवानों ने घेरकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कई गोलियों जैसी आवाज़ें सुनाई दीं, जिसके बाद मेहमानों को तुरंत टेबलों के नीचे झुकने के निर्देश दिए गए।

कई हथियारों के साथ पहुंचा था संदिग्ध

पुलिस के मुताबिक़ गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफ़ोर्निया का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि वह उसी होटल में ठहरा हुआ था, जहां यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के पास से एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू बरामद किए गए हैं। वह सिक्योरिटी चेकपॉइंट की ओर बढ़ रहा था, तभी सुरक्षा एजेंसियों ने उसे रोक लिया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अकेला ही इस घटना को अंजाम देने आया था।

सीक्रेट सर्विस की बहादुरी से टला बड़ा खतरा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घटना के बाद जानकारी देते हुए बताया कि संदिग्ध लगभग 50 गज की दूरी से दौड़ता हुआ आया था। इससे पहले कि वह मुख्य हॉल तक पहुंच पाता, सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे काबू कर लिया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान एक सुरक्षा अधिकारी को बेहद नजदीक से गोली लगी, लेकिन बुलेट-प्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई। राष्ट्रपति ने उस अधिकारी से बात कर उसका हौसला बढ़ाया और सुरक्षा बलों की सराहना की।

‘हमलावर बीमार मानसिकता का’ — ट्रंप

घटना के बाद ट्रंप ने हमलावर को “बहुत बीमार इंसान” बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम अभिव्यक्ति की आज़ादी और संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, लेकिन इस घटना ने माहौल को प्रभावित कर दिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी पोस्ट करते हुए सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

यह डिनर कार्यक्रम वॉशिंगटन के सबसे सुरक्षित आयोजनों में गिना जाता है, जहां राष्ट्रपति, कैबिनेट सदस्य और सैकड़ों पत्रकार शामिल होते हैं। इसके बावजूद हथियारों के साथ संदिग्ध का चेकपॉइंट तक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जिस चेकपॉइंट पर आरोपी पकड़ा गया, उसने अपना काम सही तरीके से किया और इसी वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया।

आरोपी पर गंभीर आरोप, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी पर संघीय अधिकारियों पर हमला करने और हिंसक अपराध के दौरान हथियार के इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उसे सोमवार को संघीय अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही कैलिफ़ोर्निया स्थित उसके अपार्टमेंट की भी जांच की जा रही है, ताकि हमले के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके। फिलहाल एजेंसियां इस घटना के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हैं।