देहरादून। मौसम विज्ञान विभाग ने 28 अप्रैल को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम के तीखे तेवर रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
29 अप्रैल को भी मौसम का असर जारी रहने की संभावना है। इस दिन देहरादून, टिहरी समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं 28 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज बारिश के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत नामित सभी अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
देहरादून में भी बढ़ा तापमान
इधर, राजधानी दिल्ली की भीषण गर्मी से राहत की तलाश में लोग देहरादून पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां भी गर्मी ने लोगों को राहत नहीं दी। रविवार को दिल्ली का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। देहरादून में भी पारा 40 डिग्री के करीब रहा। हालांकि आंकड़ों में मामूली अंतर रहा, लेकिन गर्मी की तीव्रता दोनों जगह लगभग समान महसूस की गई।

