देहरादून। उत्तराखंड में अल्पसंख्यक समाज की आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक स्थिति का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। सरकार इसे विकास योजनाओं की आधारशिला बता रही है, जबकि विपक्ष इसे छिपे एजेंडे से जोड़कर सवाल उठा रहा है।
देहरादून में राज्य सरकार ने अल्पसंख्यकों की स्थिति का समग्र अध्ययन कराने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत प्रदेश में पिछले लगभग 25 वर्षों में अल्पसंख्यक समाज की आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक स्थिति में आए बदलावों का विस्तृत आंकलन किया जाएगा।
इस कार्य के लिए सरकार ने रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में सात सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में पूर्व आईएएस अधिकारी, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ और अल्पसंख्यक आयोग से जुड़े सदस्य शामिल किए गए हैं। यह समिति विभिन्न आंकड़ों और तथ्यों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को सौंपेगी।
सरकार का कहना है कि इस अध्ययन का उद्देश्य अल्पसंख्यक समाज के लिए भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार करना है, ताकि उनकी वास्तविक जरूरतों के अनुसार विकास कार्य तय किए जा सकें।
हालांकि, इस फैसले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस पहल पर सवाल उठाते हुए इसे सत्ताधारी दल का “हिडन एजेंडा” करार दिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस तरह के अध्ययन के जरिए विशेष समुदाय को निशाना बनाने और माहौल प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है।
वहीं, सरकार का पक्ष इससे अलग है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का कहना है कि यह पहल पूरी तरह से विकास और कल्याण योजनाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर नीतियां बनाई जा सकें।
इस मुद्दे पर अन्य संगठनों और नेताओं की भी अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ इसे जरूरी कदम मान रहे हैं, तो कुछ इसे लेकर आशंकाएं जता रहे हैं। अल्पसंख्यकों का यह प्रस्तावित रिकॉर्ड अब सिर्फ प्रशासनिक पहल नहीं रह गया है, बल्कि आने वाले समय में यह उत्तराखंड की राजनीति का एक अहम मुद्दा बनता नजर आ रहा।

