जागेश्वर। जंगलों की निगरानी करने वाला वन विभाग का कर्मचारी खुद भ्रष्टाचार के जाल में फंस गया। जागेश्वर में तैनात वन दरोगा को विजिलेंस टीम ने उस वक्त रंगे हाथ पकड़ लिया, जब वह एक काम के बदले रिश्वत की रकम ले रहा था।
बताया जा रहा है कि लीसा गड़ान-ढुलान कार्य से जुड़े पंजीकरण नवीनीकरण और पुराने बिलों के भुगतान को लेकर दरोगा ने शिकायतकर्ता से पैसे मांगे थे। लंबे समय से परेशान शिकायतकर्ता ने आखिरकार सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क किया।
इसके बाद हल्द्वानी से पहुंची विजिलेंस टीम ने पूरा जाल बिछाया। जैसे ही तय रकम 25,500 रुपये आरोपी को सौंपी गई, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद वन विभाग में हलचल मच गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी का कहना है कि विजिलेंस से आधिकारिक सूचना मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।

