मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण हादसा: 6 वाहन आपस में भिड़े, सीएनजी कार में लगी आग; मजदूरी कर परिवार पालने वाली महिला की मौत, 15 घायल

Spread the love

हरिद्वार। हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां उत्तराखंड रोडवेज की बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के बाद एक के बाद एक कुल छह वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे के दौरान एक सीएनजी कार में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार रात करीब 9:18 बजे 112 के माध्यम से कोतवाली रायवाला को सूचना मिली कि होटल गोडविन के सामने मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई है। इसके बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो, कार और कैंटर सहित अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक स्कॉर्पियो कार में लगी सीएनजी किट में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें कई वाहनों तक फैल गईं।

हादसे में 30 वर्षीय कुसुम पत्नी सचिन निवासी भोगपुर, नजीबाबाद (जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश) ट्रैक्टर ट्रॉली से छिटककर ट्रॉले के टायरों के नीचे दब गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आग बुझाने के बाद रात में ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में एक ही परिवार के 32 लोग सवार थे। सभी लोग देहरादून में झंडे जी का मेला देखने गए थे और वहां से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आ रहे थे। लेकिन मोतीचूर फ्लाईओवर पर ही उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।

इस दुर्घटना में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। घायलों में दो महीने की एक मासूम बच्ची भी शामिल है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे ने कुसुम के परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। कुसुम के पति सचिन दोनों हाथों से दिव्यांग हैं और काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में कुसुम ही मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी। हादसे में उसकी मौत के बाद तीनों बच्चों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

जिला अस्पताल में जब कुसुम का शव पहुंचा तो उसके बच्चे बिलख पड़े। उसकी बड़ी बेटी सोनिया बार-बार रोते हुए कहती रही, “मां तुम तो चली गई, अब हमारा क्या होगा।” यह दृश्य देख अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

एसपी सिटी के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जा रही थी। फ्लाईओवर पर टर्न लेते समय ट्रॉली की गति धीमी हुई, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार उत्तराखंड रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे चल रहे अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।