एसटीएच में डीएम का औचक निरीक्षण, टूटी खिड़कियां और खराब चारपाइयां देख जताई नाराजगी

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) की व्यवस्थाओं को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद गुरुवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में कई अव्यवस्थाएं सामने आईं। कहीं खिड़कियां टूटी मिलीं तो कहीं मरीजों के लिए उपलब्ध चारपाइयां खराब हालत में थीं। साफ-सफाई और मरीजों को बुनियादी सुविधाएं मिलने में भी खामियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्डों सहित अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ और संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों को अस्पताल में उपचार के दौरान होने वाली परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

डीएम ने टूटी खिड़कियों की मरम्मत कराने, खराब चारपाइयों को ठीक कराने और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान नहीं होना चाहिए। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का उचित रखरखाव किया जाए और व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने नर्सिंग स्टाफ और संबंधित अधिकारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार के साथ जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg