श्रीनगर गढ़वाल में आस्था और संतान प्राप्ति की कामना के साथ बैकुंठ चतुर्दशी मेले में इस बार 190 दंपति खड़ा दिया अनुष्ठान में शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस धार्मिक परंपरा में भाग लेने के लिए अमेरिका से भी एक दंपति पहुंचा है। स्थानीय लोगों के साथ देश के विभिन्न राज्यों और विदेश से आए दंपतियों ने इस अनुष्ठान के लिए पंजीकरण कराया है।
महंत श्री 108 आशुतोष पुरी महाराज के अनुसार, 23 नवंबर की शाम शुभ मुहूर्त में अनुष्ठान शुरू होगा। इसमें शामिल होने वाले दंपति पूरी रात हाथों में प्रज्वलित दीपक लेकर खड़े रहेंगे और भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र का जाप करेंगे। मान्यता के अनुसार, दंपति संतान प्राप्ति की कामना के साथ यह कठिन धार्मिक साधना करते हैं।
अगली सुबह सूर्योदय से पहले धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के बाद दीपकों को अलकनंदा नदी में प्रवाहित कर व्रत का पारायण किया जाएगा। अनुष्ठान को लेकर मंदिर स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।




