उम्रकैद के बाद अब चैट के सहारे बेटे के बचाव में उतरे पुलकित के पिता, अंकिता के रिश्तों को बनाया नया आधार; सीबीआई जांच की मांग से फिर गरमाया हत्याकांड

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा के बाद अब दोषी पुलकित आर्य के परिवार ने मामले को एक नए नजरिये से पेश करने की कोशिश की है। लंबे समय से न्याय और वीआईपी संलिप्तता के सवालों को लेकर सुर्खियों में रहे इस प्रकरण में पुलकित के पिता विनोद आर्य ने अंकिता और उसके मित्र पुष्प के बीच हुई बातचीत के कुछ अंश सार्वजनिक किए हैं। उनका दावा है कि इन चैट से मामले के ऐसे पहलू सामने आते हैं, जिन पर अब तक पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

विनोद आर्य ने अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ मीडिया के सामने पक्ष रखते हुए दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि वह अपने माता-पिता और मित्र की ओर से प्रताड़ित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनआक्रोश के दबाव में घटना को हत्या का मामला बनाया गया और उनके बेटे पुलकित आर्य व उसके साथियों को गलत तरीके से फंसाया गया। 

विनोद आर्य का कहना है कि सार्वजनिक की गई चैट से अंकिता के साथ कथित प्रताड़ना की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने सीबीआई से इन बातचीत के अंशों को जांच में शामिल करने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी ओर, सार्वजनिक की गई चैट के कुछ अंश अपने आप में पूरी बातचीत, उसके संदर्भ अथवा किसी आरोप की पुष्टि नहीं करते। उनकी प्रामाणिकता और संपूर्ण संदर्भ की स्वतंत्र जांच के बिना उनसे किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

विनोद आर्य ने प्रेसवार्ता में दावा किया कि इस मामले में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार वीआईपी का नाम उछालकर मामले को उलझाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके बेटे का पक्ष नहीं सुना गया और जनदबाव में हुई कार्रवाई का खामियाजा परिवार को भुगतना पड़ा।

उन्होंने रिसॉर्ट को दो बार आग लगाए जाने से करीब 50 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा भी किया। उनका आरोप है कि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस अभिरक्षा में आरोपियों पर हमले और अदालत में सुनवाई के दौरान दबाव बनाए जाने की बात भी उन्होंने उठाई।

हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले के बीच नई मांग

विनोद आर्य के अनुसार, मामला फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में उन्होंने सीबीआई से चैट को जांच में शामिल कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर अंकिता हत्याकांड को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, इस प्रेसवार्ता से उठे सवालों का जवाब चैट के चुनिंदा अंशों से नहीं, बल्कि उनकी प्रमाणिकता, पूरे संदर्भ और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही सामने आ सकता है।

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg