रुद्रपुर। बाजार में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ आम बात है, लेकिन जब कारोबार की प्रतिस्पर्धा व्यक्तिगत दुश्मनी में बदल जाए तो उसके नतीजे कितने भयावह हो सकते हैं, रुद्रपुर का नितेश जौहरी हत्याकांड इसकी गंभीर मिसाल बन गया है। यहां 36 वर्षीय मोबाइल कारोबारी नितेश जौहरी की जान चली गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा। उसके पिता विनोद कुमार और भाई आकाश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जगतपुरा-आवास विकास क्षेत्र में नितेश जौहरी और दूसरे पक्ष की मोबाइल दुकानें आमने-सामने थीं। दोनों के बीच कारोबार को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही थी। विवाद बढ़ने के पीछे दुकानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने का मामला भी सामने आया है। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई लोग घायल हुए।
मारपीट में घायल कर्मचारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। नितेश भी अपने भाई और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। आरोप है कि हमलावरों ने नितेश पर धारदार हथियार से वार कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। इस हमले में उनके भाई दिनेश समेत अन्य लोग भी घायल हुए।
हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाईं। पहले विनोद कुमार और आकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य संलिप्त लोगों की तलाश के लिए भी टीमें लगाई गईं।
नितेश की मौत से उनके परिवार के सामने भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। वह अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पांच वर्षीय बेटी लक्षिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद घायल भाई दिनेश ने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से भी इनकार कर दिया था।



