दोस्त ही निकला 20 वर्षीय अभय का कातिल, गला घोंटकर हत्या की और गटर में छिपा दिया शव

खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। जिस युवक के साथ परिचय था, वही उसकी जिंदगी का दुश्मन बन गया। खटीमा में 20 वर्षीय युवक की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसके शव को गटर में छिपा दिया गया। युवक के अचानक लापता होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसका मोबाइल फोन परिचित के पास मिला। यहीं से पुलिस को संदेह हुआ और पूछताछ में हत्या की सनसनीखेज कहानी सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर गटर से शव बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवक से 2300 रुपये और मोबाइल फोन भी लिया था। इनमें से 1700 रुपये उसने पटाखे खरीदने में खर्च कर दिए, जबकि 600 रुपये बरामद कर लिए गए।

पुलिस के अनुसार, शिव कॉलोनी निवासी अभय उर्फ लल्लू (20) सात नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आठ नवंबर को भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद नौ नवंबर को उसके भाई रवि ने कोतवाली खटीमा पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। शिकायत में एक अहम जानकारी दी गई कि अभय का मोबाइल फोन संजय गुप्ता के पास मिला है।

मोबाइल से खुली हत्या की परतें

मोबाइल फोन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संजय गुप्ता को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अभय की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि सात नवंबर की रात करीब 11 बजे उसने नाड़े से गला घोंटकर अभय की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को शिव कॉलोनी के पीछे चौधरी कॉलोनी स्थित एक प्लाट में बने गटर में छिपा दिया।

2300 रुपये और मोबाइल लेकर छिपाया शव

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अभय से 2300 रुपये और मोबाइल फोन लिया था। मोबाइल मृतक के भाई को मिल गया था, जबकि 1700 रुपये आरोपी ने पटाखे खरीदने में खर्च कर दिए। उसके पास बचे 600 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और गटर से शव बाहर निकलवाया। मृतक के भाई रवि ने शव की पहचान अभय के रूप में की। शौचालय के पीछे से हत्या में इस्तेमाल किया गया सफेद-काला नाड़ा भी बरामद किया गया।

हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले दर्ज गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में तरमीम किया गया है। पुलिस के अनुसार, एफआईआर संख्या 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 में मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना में जुटी है।

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg