नैनीताल। राज्य स्थापना दिवस के समारोह में सम्मान और सहभागिता की उम्मीद लेकर पहुंचे राज्य आंदोलनकारियों का सब्र उस समय जवाब दे गया, जब मुख्य अतिथि करीब दो घंटे की देरी से पहुंचे। इतना ही नहीं, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद अतिथि सीधे समारोह में शामिल होने के बजाय स्टालों का निरीक्षण करने लगे। इससे नाराज आंदोलनकारियों ने मंच पर पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया और समारोह का बहिष्कार कर दिया।
डीएसए खेल मैदान में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित समारोह के लिए सुबह नौ बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। मैराथन के आयोजन के बाद करीब दस बजे राज्य आंदोलनकारी भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। उन्हें उम्मीद थी कि समारोह समय पर शुरू होगा, लेकिन मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य दोपहर करीब 12 बजे पहुंचे। करीब दो घंटे के इंतजार के बाद भी कार्यक्रम शुरू होने में देरी और अतिथियों का स्टाल निरीक्षण करना आंदोलनकारियों को नागवार गुजरा।
इसके बाद नाराज आंदोलनकारी एकजुट होकर मंच पर चढ़ गए। उन्होंने पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और नारेबाजी करते हुए समारोह का बहिष्कार कर दिया। आंदोलनकारियों के जाने के बाद अतिथियों ने संबोधन किया और अन्य कार्यक्रम जारी रहे।
विरोध करने वालों में सुरेश डालाकोटी, कंचन चंदोला, मनमोहन कनवाल, इंद्रा नेगी, मनोज बिष्ट, दीवान कनवाल, संजय कुमार, गणेश बिष्ट, सज्जन लाल और ललित जोशी समेत कई राज्य आंदोलनकारी शामिल रहे।



