आपत्ति का जवाब देने तहसील पहुंचे 80 वर्षीय बुजुर्ग की सीढ़ियों से गिरकर मौत

Spread the love

कालाढूंगी। मतदाता सूची में दर्ज आपत्ति का जवाब देने तहसील पहुंचे 80 वर्षीय बुजुर्ग की सीढ़ियों से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान बुजुर्गों के लिए की गई व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार के अनुसार, बुजुर्ग पहली बार तहसील पहुंचे थे और नोटिस मिलने के बाद वह काफी चिंतित भी थे।

कालाढूंगी के वार्ड नंबर चार निवासी इब्ने हसन सोमवार को निर्वाचन नामावली में अपने नाम से संबंधित आपत्ति का जवाब दाखिल करने तहसील पहुंचे थे। संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह भवन की ऊपरी मंजिल से सीढ़ियों के रास्ते नीचे आ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह सीढ़ियों पर गिर गए।

हादसा होते ही तहसील परिसर में मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

परिजनों के मुताबिक इब्ने हसन को मतदाता सूची से संबंधित आपत्ति का नोटिस मिला था। सोमवार को आपत्तियों के निस्तारण के लिए जवाब देने की अंतिम तिथि थी। इसी सिलसिले में वह तहसील पहुंचे थे। उनके पोते सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनके दादा ने संबंधित नोटिस का जवाब जमा कर दिया था।

इसके बाद वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। परिजनों का कहना है कि इतनी उम्र में उन्हें तहसील की ऊपरी मंजिल तक सीढ़ियों के सहारे जाना पड़ा। उनका यह भी कहना है कि नोटिस मिलने और उसके जवाब के लिए तहसील आने को लेकर बुजुर्ग काफी परेशान थे।

एसएसआई पंकज जोशी के अनुसार, घटना के बाद परिजन शव को बिना पंचनामा और पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। पुलिस के मुताबिक अस्पताल की ओर से भी मामले में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई थी।

चिकित्सकीय रूप से मौत का वास्तविक कारण क्या रहा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सीढ़ियों से गिरना घटना का तत्काल कारण बताया जा रहा है, जबकि परिवार की ओर से बुजुर्ग की पहले से बनी चिंता और परेशानी की भी बात कही गई है।