छत्तीसगढ़ से आई महिला, लक्सर में बदली पहचान, पहली पत्नी ने खोला पति की दूसरी शादी का राज

Spread the love

गन्ने की चरखी पर काम करने के लिए छत्तीसगढ़ गया लक्सर क्षेत्र का एक युवक वहां एक हिंदू महिला के संपर्क में आया। कुछ समय बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2025 में युवक महिला को अपने गांव ले आया। इसके बाद कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि युवक की पहली पत्नी ने ही उसके खिलाफ पुलिस का दरवाजा खटखटा दिया।

आरोप है कि गांव लाने के बाद युवक महिला को कलियर ले गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। इसके बाद महिला की पहचान भी बदल दी गई और मौलवी के माध्यम से दोनों का निकाह कराए जाने की बात सामने आई। बताया गया कि इसके बाद से महिला युवक के साथ ही रह रही थी।

पति के साथ दूसरी महिला को देखकर पहली पत्नी ने इसका विरोध किया। उसने पति से इस संबंध को खत्म करने की बात कही, लेकिन आरोप है कि उसकी बात नहीं मानी गई। आखिरकार उसने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।

मामला सामने आने के बाद इसकी जानकारी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को भी हुई। कार्यकर्ता लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर युवक के साथ ही मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत में धर्म परिवर्तन और निकाह से जुड़े आरोपों की जांच कराने की मांग की गई है।

पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट करेगी कि महिला की इच्छा से धर्म परिवर्तन और निकाह हुआ या इसके पीछे किसी तरह का दबाव या अन्य परिस्थिति थी। साथ ही मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में होगी।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में सामने आए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि धर्म परिवर्तन और निकाह से जुड़े आरोपों में वास्तविकता क्या है और मामले में कानून के तहत किन लोगों की भूमिका सामने आती है।