नैनीताल। जिले के दूरस्थ ओखलकांडा क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। तल्ला ओखलकांडा के खनस्यूं थाना क्षेत्र में 21 अगस्त की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने 10 वर्षीय बेटे को धमकाकर घर से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह बोहरा का शुक्रवार रात अपनी पत्नी डिक्री देवी (28) से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान भीम सिंह ने पत्नी के साथ डंडे से मारपीट की। इसके बाद डिक्री देवी की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने अपने 10 वर्षीय बेटे को किसी को कुछ न बताने की धमकी दी और शनिवार तड़के घर से निकल गया। पुलिस के मुताबिक बच्चा उस समय घटना की गंभीरता को समझ नहीं पाया और मां को सोया हुआ समझता रहा।
शनिवार को घर में मां की कोई हलचल नहीं हुई तो बच्चे को चिंता हुई। दोपहर बाद जब मां नहीं उठी तो बच्चे ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर के अंदर महिला को देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। खनस्यूं पुलिस को शनिवार शाम करीब पांच बजे घटना की जानकारी मिलने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डिक्री देवी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। इनमें सबसे बड़ा बेटा करीब 10 वर्ष का और सबसे छोटी बेटी करीब दो वर्ष की बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
तल्ला ओखलकांडा के पूर्व ग्राम प्रधान कमलेश बोहरा के अनुसार, आरोपी पहले भी नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था। ग्रामीणों ने उसे कई बार समझाया था और कथित तौर पर उसने माफीनामा भी दिया था।
ग्रामीणों के अनुसार भीम सिंह गांव में मजदूरी करने के साथ बकरी पालन भी करता था। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।



