शिप्रा नदी उफान पर, गरमपानी-खैरना में बढ़ा खतरा; रातीघाट में परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

Spread the love

नैनीताल जिले के गरमपानी-खैरना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी के तेज बहाव और पहाड़ी नालों के उफान पर आने से नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं।

बारिश के कारण गरमपानी-खैरना बाजार के पीछे बहने वाली शिप्रा नदी में अचानक पानी बढ़ गया। आसपास के बरसाती गधेरों से बड़ी मात्रा में पानी नदी में आने के बाद बहाव काफी तेज हो गया। नदी में पानी और बोल्डरों के तेज बहाव ने क्षेत्र में पहले से मौजूद खतरे को और बढ़ा दिया।

स्थिति को देखते हुए श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रातीघाट क्षेत्र में नदी के नजदीक रह रहे एक परिवार को दूसरे भवन में सुरक्षित स्थानांतरित कराया। वहीं गरमपानी-खैरना बाजार क्षेत्र में मुनादी कराई गई और पूर्व में संवेदनशील के रूप में चिह्नित किए गए 10 परिवारों को समय रहते खैरना स्थित जीआईसी में बनाए गए राहत शिविर में जाने के निर्देश दिए गए।

शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद स्थानीय लोग भी सतर्क हो गए। कई लोग अपने मकानों की छतों से नदी के बहाव और जलस्तर पर नजर रखते रहे। नदी में बहकर आ रहे बोल्डरों के बाढ़ सुरक्षा कार्यों से टकराने की आवाज ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी।

क्षेत्रवासियों को वर्ष 2021 की आपदा की घटनाएं भी याद आ गईं। उस दौरान गरमपानी-खैरना क्षेत्र में बारिश और नदी के उफान ने व्यापक नुकसान पहुंचाया था। इसी वजह से इस बार नदी का पानी बढ़ते देख स्थानीय लोगों में संभावित खतरे को लेकर ज्यादा सतर्कता दिखाई दी।

इलाके में खतरा सिर्फ नदी के बढ़े हुए जलस्तर तक सीमित नहीं रहा। लगातार बारिश के बीच गरमपानी स्थित देवी मंदिर और खैरना बाजार के आसपास पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। पत्थर गिरने से कई लोग बाल-बाल बचे। बारिश जारी रहने के कारण पहाड़ी से और पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है।

प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के नजदीक नहीं जाने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता खतरे की जद में आने वाले परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है।