रक्षाबंधन से पहले भाई ने दो बहनों को मारी गोली, जीजा भी घायल, डबल मर्डर से दहला परिवार

Spread the love

रक्षाबंधन से कुछ दिन पहले जिस भाई की कलाई पर बहनें राखी बांधने वाली थीं, उसी भाई पर उनकी जान लेने का आरोप है। रुड़की में कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो सगी बहनों की हत्या और एक व्यक्ति के घायल होने की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार 25 अगस्त की देर शाम एक ही परिवार की दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक महिलाओं की पहचान शकुंतला और पुष्पा के रूप में हुई है। दोनों बहनों को अलग-अलग स्थानों पर गोली मारी गई। दोनों घटनाओं के बीच करीब 10 से 15 मिनट का अंतर बताया जा रहा है।

पहली वारदात के बाद आरोपी दूसरी बहन के घर पहुंचा। वहां उसने बहन और उसके पति पर भी गोली चलाई। इस हमले में बहन की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस की जांच में इस दोहरे हत्याकांड में मृतक महिलाओं के भाई विवेक कुमार का नाम सामने आया। वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की सूचना थी, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात के पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।

शुरुआती रिपोर्टों में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई। वहीं, पुलिस के हवाले से आई जानकारी के अनुसार, आरोपी को अपनी बहनों के चरित्र को लेकर शक था और इसी शक को हत्या की वजह बताया गया। पुलिस की जांच अभी जारी है। 

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, पुलिस को दो बहनों की हत्या और एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मामले के सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।