
नैनीताल। शनिवार देर शाम भवाली से हल्द्वानी की ओर लौट रहे हरियाणा के पर्यटकों की स्कॉर्पियो भूमियाधार क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। सड़क से फिसलकर वाहन काफी नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में एक पर्यटक की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। खाई की गहराई और रात का अंधेरा राहत-बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना रहा। टीमों ने रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला जा सका।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए भवाली अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, घायलों में एक व्यक्ति बातचीत कर पा रहा है, लेकिन वह घटना के संबंध में जानकारी देने की स्थिति में नहीं है। हादसे में जान गंवाने वाले पर्यटक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि भूमियाधार के पास वाहन के खाई में गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति मृत मिला, जबकि चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और मृतक की पहचान की जानकारी जुटा रही है।




