बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर लोगों से धनराशि मांगने का मामला सामने आया है। विदेशी मोबाइल नंबर से भेजे जा रहे संदेशों में जिलाधिकारी की तस्वीर लगी होने से मामला सामने आया। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में ऐसे संदेशों के आधार पर धनराशि हस्तांतरित न करें। यदि किसी अधिकारी के नाम से रुपये मांगे जाते हैं तो संबंधित अधिकारी से आधिकारिक माध्यम से पुष्टि अवश्य करें। उन्होंने संदिग्ध फोन कॉल और संदेशों को लेकर भी सतर्क रहने की अपील की है।
जिला सूचना अधिकारी एस. वर्मा ने बताया कि जिस नंबर से धनराशि मांगी जा रही थी, वह विदेशी है। उस नंबर की प्रदर्शन तस्वीर पर जिलाधिकारी की तस्वीर लगी हुई थी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया गतिमान है।



