कैंची धाम से मथुरा तक जुड़ेगी बाबा नीम करौरी की आस्था की डोर

Spread the love

बाबा नीम करौरी महाराज के अनुयायियों के लिए उत्तराखंड सरकार बड़ी धार्मिक योजना तैयार कर रही है। बाबा से जुड़े उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों को जोड़कर विशेष धार्मिक यात्रा मार्ग विकसित किया जाएगा। नैनीताल जिले का प्रसिद्ध कैंची धाम इस यात्रा का मुख्य केंद्र होगा। योजना के आकार लेने के बाद श्रद्धालु बाबा के जीवन, साधना और प्रवास से जुड़े विभिन्न स्थलों के दर्शन करते हुए मथुरा स्थित उनकी समाधि तक पहुंच सकेंगे।

पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा नीम करौरी से जुड़े स्थलों को चिह्नित करने के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। कैंची धाम के अलावा काकड़ीघाट, नैनीताल स्थित हनुमान मंदिर और ऋषिकेश के हनुमान मंदिर को भी प्रस्तावित धार्मिक यात्रा मार्ग से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही उन सभी स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है, जहां बाबा नीम करौरी महाराज गए थे या साधना की थी।

मथुरा की समाधि भी यात्रा का प्रमुख पड़ाव

बाबा नीम करौरी महाराज से जुड़े स्थलों को उत्तराखंड तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में बाबा की समाधि है। इसके अलावा प्रदेश में बाबा से संबंधित कई अन्य स्थल भी हैं। इन्हें भी यात्रा मार्ग में शामिल करने की योजना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार का सहयोग लिया जाएगा। सतपाल महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस संबंध में आग्रह करने के साथ ही वहां के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को पत्र भी भेजा है।

सरकार का उद्देश्य बाबा से जुड़े धार्मिक स्थलों को एक क्रम में विकसित कर श्रद्धालुओं के लिए ऐसी यात्रा की सुविधा तैयार करना है, जिसमें बाबा के जीवन और आध्यात्मिक साधना से जुड़े प्रमुख स्थान एक ही यात्रा में देखे जा सकें।

सतपाल महाराज ने बाबा नीम करौरी महाराज के अलावा उत्तराखंड से जुड़े अन्य संतों की आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि महावतार बाबा, हेड़ाखान बाबा, टाट बाबा और लहरी महाशय जैसे संतों के जीवन पर भी फिल्में बननी चाहिए। इसके लिए वह बॉलीवुड के निर्माता-निर्देशकों से आग्रह करेंगे, ताकि इन संतों के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी मिल सके।