कालाढूंगी में सड़क पर भिड़े स्कूली बच्चे, लात-घूंसों से मचा हंगामा, ट्रैफिक थमा

Spread the love

हल्द्वानी। मुख्य बस स्टैंड पर गुरुवार दोपहर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अटल आदर्श इंटर कॉलेज के एक दर्जन से अधिक छात्र आपस में भिड़ गए। सड़क के बीच शुरू हुई मारपीट देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। छात्रों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और गाली-गलौज भी हुई।

करीब 15 मिनट तक चले विवाद के कारण मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मारपीट देखने के लिए आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मौके पर जुट गए। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, छात्रों के बीच पहले भी दो बार विवाद हो चुका था। गुरुवार को पुराना विवाद एक बार फिर भड़क गया और छात्र सड़क पर ही आपस में भिड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो छात्र वहां से भाग निकले। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित छात्रों के परिजनों को कोतवाली बुलाया है।

कोतवाल अरुण कुमार सैनी के अनुसार, बच्चों के बीच विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। छात्रों की काउंसलिंग कराई जाएगी। भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए कॉलेज प्रबंधन को भी चेतावनी दी गई है।