भरोसे की डोर जब कमजोर पड़ जाए… रिश्तों की दरार ने ले ली एक और जिंदगी

Spread the love

आगरा। पति-पत्नी का रिश्ता भरोसे, संवाद और साथ निभाने के वादे पर टिका होता है, लेकिन जब रिश्तों में दूरियां और मनमुटाव बढ़ने लगते हैं तो उसका दर्द पूरे परिवार को झेलना पड़ता है। आगरा में ऐसा ही एक दर्दनाक मामला सामने आया, जहां रकाबगंज थाना क्षेत्र के ईदगाह कुतुलपुर निवासी 21 वर्षीय सोनू कुमार ने घरेलू कलह के बीच अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उसने अपनी पत्नी को बेगुनाह बताते हुए परिवार से उसे और उसके मायके वालों को किसी भी तरह से परेशान न करने की भावुक अपील की।

वीडियो में सोनू कहता है कि उसने शराब पी रखी है और अब उससे यह सब सहन नहीं हो रहा। वह अपने परिवार से अपील करता है कि उसकी पत्नी को कोई परेशान न करे। चाहे वह उसके घर में रहे या अपने मायके चली जाए, उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए। उसने कहा कि उसके जाने के बाद उसकी पत्नी अपनी जिंदगी अपनी मर्जी से जिए

सोनू वीडियो में कहता है, “गलती मेरी थी। मैंने शादी की, मैंने प्यार किया। उसकी सजा मुझे ही मिलनी चाहिए। उसे नहीं, न उसके घरवालों को कुछ कहना।” इसके साथ ही उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा कि वह अब जिंदगी का बोझ नहीं उठा पा रहा था। वीडियो के आखिर में वह परिवार के प्रति अपना प्यार जताते हुए भावुक हो जाता है।

घटना की सूचना मिलते ही रकाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। शुरुआती जांच में घरेलू कलह को घटना की एक वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।