मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार ने 25 अप्रैल की रात रिश्तेदारों के साथ डिनर करने के बाद देर रात तरबूज़ खाया था, जिसके कुछ घंटों बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
मृतकों की पहचान अब्दुल्लाह डोकाडिया (40 वर्ष), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35 वर्ष) और उनकी दो बेटियों (उम्र 16 और 13 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अगली सुबह परिवार के सभी सदस्यों को तेज उल्टी और डायरिया की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
स्थानीय डॉक्टर के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर सभी की हालत बेहद नाजुक थी। छोटी बेटी को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, जिसे तत्काल सीपीआर दिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाकी तीन सदस्यों को बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाने और तरबूज़ के सैंपल के साथ-साथ शवों के पोस्टमार्टम के लिए भी नमूने भेजे गए हैं। फिलहाल, फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और नेताओं ने भी चिंता जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौतें तरबूज़ खाने से हुईं या इसके पीछे कोई और कारण है।

