हल्द्वानी। जय शारदा जन कल्याण समिति “सेवालय” पुरूष दिव्यांगों के साथ ही अब महिला दिव्यांग बच्चों के विकास के लिए भी कार्य करेगी। इसकी शुरूआत आगामी सोमवार को की जायेगी। वर्तमान में 18 दिव्यांग लड़कों को रोजगार परक कौशल सिखाकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक प्रेस वार्ता में समिति ने पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। “सेवालय” संस्था की अध्यक्ष नीमा बिष्ट ने बताया कि वर्ष 2014 में जन कल्याण सेवा समिति की शुरूआत की गई थी। समिति ने नैनीताल जनपद के आठों ब्लॉकों में महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य किया। उन्होंने बताया कि समिति ने एक मई 2024 को “सेवालय” संस्था की नींव रखी, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और संसाधन विहीन दिव्यांग युवा लड़कों और बच्चों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। एक वर्ष पूरे होने पर अब दिव्यांग लड़कियों के उत्थान के लिए कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 18 दिव्यांग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था के संचालक रोहित जोशी ने बताया कि रानीखेत, लालकुआं, हल्दूचौड़ और बागेश्वर की 18 से 20 वर्ष की चार दिव्यांग लड़कियां संस्था से जुड़ने जा रही हैं, जिन्हें महिला शिक्षिकाओं द्वारा प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने बताया दो साल में 50 लड़कों और 50 लड़कियों की प्रतिभा को निखारा जायेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष भावना जोशी, उपाध्यक्ष अनुप्रिया, सचिव यामिनी बिष्ट, उपसचिव गीता कार्की, शिक्षिका निर्मला पंत, कोषाध्यक्ष प्रियांशी भट्ट मौजूद रहे।

