राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज

Spread the love

देहरादून। राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शुक्रवार को डीएम सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

 बैठक में उच्च स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए तय समय में कार्यवाही के निर्देश दिए गए। राज्य स्थापना दिवस पर प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के साथ सैन्यधाम का लोकार्पण प्रस्तावित है।

 डीएम ने लोनिवि, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित रूट और सड़क मार्गों का सौंदर्यीकरण, सफाई, झूलती विद्युत लाइनों का सुधार तथा गिरासू पेड़ों की लोपिंग शीघ्र पूरी की जाए। पेयजल विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 रजत जयंती सप्ताह के तहत नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, यूथ स्पोर्ट्स, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, बलिदानियों को नमन और ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों पर आधारित दैनिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। नारी शक्ति दिवस पर स्वयं सहायता समूह और एनआरएलएम समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

 बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।