बैडमिंटन खेलने को लेकर बच्चों में विवाद, 12 वर्षीय ईशान की चाकू से हत्या

Spread the love

ऊधमसिंह नगर के जसपुर में बच्चों के बीच खेल के दौरान हुआ मामूली विवाद बेहद गंभीर रूप ले गया। लकड़ी मंडी मोहल्ले में बैडमिंटन खेलने को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग ने 12 वर्षीय बच्चे पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी नाबालिग और उसके चाचा का परिवार घर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच के साथ उनकी तलाश में जुटी है।

मोहल्ले के लोगों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे तसलीम का 12 वर्षीय बेटा मोहम्मद ईशान अन्य बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर ईशान और दूसरे नाबालिग के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से ईशान के सीने पर वार कर दिया।

हमले में घायल ईशान किसी तरह वहां से निकलकर एक दुकान के पास जा बैठा। उसके सीने से खून निकलता देखकर उसका बड़ा भाई फैजान मौके पर पहुंचा और शोर मचाया। इसके बाद परिवार और आसपास के लोग उसे बाइक से स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बच्चे की मौत की सूचना मिलने पर परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही जसपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

सीओ प्रशांत कुमार के अनुसार, घटना में शामिल आरोपी भी नाबालिग है। घटना के बाद से आरोपी और उसके चाचा का परिवार फरार है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को मामले में तहरीर मिलने की जानकारी नहीं थी।

पहले भी विवादों में रहा आरोपी

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आरोपी बच्चा पहले भी एक बच्चे के साथ मारपीट कर चुका था। मृतक के चचेरे भाई अमन का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से आरोपी अपने पास छोटा चाकू रख रहा था। वह मोहल्ले में लगी फ्लैक्सी और दुकानों के बाहर रखे सामान पर भी चाकू से वार करता था। लोगों ने कई बार उसे समझाया और उसके परिवार से शिकायत भी की थी।

बताया गया कि आरोपी के पिता की करीब तीन वर्ष पहले कैंसर से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसकी और उसकी मां की देखभाल चाचा का परिवार कर रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिता की मृत्यु के बाद से बच्चे ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया था।

परिजनों के मुताबिक, ईशान कक्षा सात का छात्र था और पढ़ाई में अच्छा था। परिवार में छोटा होने के कारण वह सभी का लाडला था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। ईशान के पिता तसलीम हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं, जबकि उसका बड़ा भाई फैजान भी पढ़ाई करता है।