भीमताल में नाले के तेज बहाव में बही तीन साल की बच्ची, झील किनारे मिला शव

Spread the love

भीमताल। भीमताल बाईपास क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के कारण उफनाए नाले के बहाव में तीन साल की बच्ची बह गई। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। पुलिस और परिजनों की तलाश के दौरान बच्ची करीब आधा किलोमीटर दूर झील किनारे बोट स्टैंड के पास अचेत अवस्था में मिली। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीमताल बाईपास क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, पल्लवी (3) पुत्री भुवन कुमार, निवासी बाईपास नाले के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। बच्ची को बहते देख परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव अधिक होने के कारण उसे तत्काल नहीं निकाल सके।

घटना की सूचना मिलने के बाद भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में बच्ची की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्ची करीब आधा किलोमीटर दूर झील किनारे बोट स्टैंड के पास मिली। उस समय बच्ची अचेत थी।

पुलिस और स्थानीय लोग बच्ची को लेकर करीब 11:30 बजे भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्ची को बचाने के लिए सीपीआर और आवश्यक चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। इसके बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।