कुंभ-2027 के काम के दौरान लोनिवि टीम पर हमला, 50-60 लोगों पर मारपीट और दस्तावेज छीनने का आरोप

Spread the love

हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत सड़क की पैमाइश और अतिक्रमण चिह्नित करने पहुंची लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 50-60 लोगों ने टीम को घेर लिया और कर्मचारियों के साथ अभद्रता व मारपीट की। इस दौरान सरकारी फाइल, डायरी और मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। लोनिवि की विभागीय टीम बैरागी कैंप होते हुए पायलट बाबा आश्रम से शनि चौक तक प्रस्तावित मोटर मार्ग की पैमाइश और अतिक्रमण चिह्नित करने पहुंची थी। यह मार्ग कुंभ-2027 के लिए स्वीकृत बताया गया है।

विभागीय टीम द्वारा मार्किंग की कार्रवाई शुरू करते ही भीड़ ने उन्हें घेर लिया। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, अपर सहायक अभियंता और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। अपर सहायक अभियंता के हाथ से मोबाइल, सरकारी फाइल और डायरी छीनने का भी आरोप है।

संघ ने आरोप लगाया कि विभागीय अमीन, जो दिव्यांग हैं, उनके साथ भी मारपीट की गई। वहीं एक युवक द्वारा ईंट से हमला किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। घटना के बाद अभियंता और कर्मचारी किसी तरह मौके से निकलकर कनखल थाने पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराई।

घटना के विरोध में डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। संघ का कहना है कि आंदोलन की स्थिति में कुंभ-2027 के निर्माण कार्य प्रभावित होते हैं तो इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।