एमबीपीजी कॉलेज में चुनावी प्रचार के दौरान बवाल, छात्रा से अभद्रता के आरोप के बाद दो गुट भिड़े

Spread the love

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी के बीच शनिवार को प्रचार के दौरान विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब एक प्रत्याशी की हेल्पडेस्क पर मौजूद छात्रा के साथ दूसरे पक्ष के कुछ युवकों द्वारा अभद्रता किए जाने का आरोप सामने आया। छात्रा के बुलाने पर प्रत्याशी के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ीं।

शनिवार को एमबीपीजी कॉलेज परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की ओर से प्रचार चल रहा था। एक प्रत्याशी की हेल्पडेस्क पर कुछ छात्राएं बैठी थीं। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवक वहां पहुंचे और एक छात्रा के साथ अभद्रता करने लगे।

छात्रा ने फोन कर संबंधित प्रत्याशी को मौके पर बुलाया। आरोप है कि प्रत्याशी के पहुंचते ही युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख प्रत्याशी ने विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय कॉलेज के प्राचार्य को लिखित शिकायत देने का फैसला किया।

बताया गया कि जैसे ही प्रत्याशी शिकायत देने के लिए आगे बढ़ा, दूसरे पक्ष के युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि कुछ युवक एकत्र हो गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह वह वहां से बचकर निकला।

घटना की जानकारी जैसे ही उसके समर्थकों तक पहुंची, बड़ी संख्या में छात्र मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कॉलेज परिसर में हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों गुटों के बीच मारपीट होने लगी।

कॉलेज प्रशासन की सूचना पर कोतवाली और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिसकर्मियों को लाठियां फटकारकर छात्रों को पीछे हटाना पड़ा।

पुलिस ने हंगामा करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ शुरू की। वहीं, कथित अभद्रता से पीड़ित छात्रा की ओर से हल्द्वानी कोतवाली में कुछ युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ ही छात्रों के मोबाइल फोन से सामने आए वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और वीडियो के आधार पर मारपीट तथा हंगामे में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य लोगों के मोबाइल से मिली वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। मारपीट में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छात्रसंघ चुनाव से पहले कॉलेज परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा और चुनावी माहौल को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और कॉलेज प्रशासन अब पूरे मामले में शामिल छात्रों की भूमिका की जांच कर रहा है।