चमोली में टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टेल रेस टनल में अचानक पानी और मलबा आने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय टनल में 22 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टनल के भीतर काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और कुछ ही पल में पानी के साथ भारी मलबा अंदर की ओर आ गया। श्रमिकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
हादसे में कई श्रमिक मलबे और पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ श्रमिकों ने खुद को सुरक्षित करने के बाद अपने साथियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
एक घायल श्रमिक ने बताया कि हादसे से पहले टनल के अंदर सेटेरिंग का काम चल रहा था। अचानक जोरदार आवाज हुई और ऊपर से पानी व मलबा आने लगा। कुछ श्रमिक बहाव में बाहर की ओर आने लगे, जबकि कुछ मलबे में फंस गए। साथियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव में मदद की।
दूसरे श्रमिकों के मुताबिक, पानी का बहाव इतना तेज था कि वह टनल के मुहाने तक पहुंच गया। हादसे के बाद श्रमिकों में दहशत का माहौल बन गया। घटना ने निर्माणाधीन टनल में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



